
नई दिल्ली, 02 दिसंबर, 2025: न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के पहले दिन, न्यूजीलैंड की टीम 9 विकेट के नुकसान पर 231 रन ही बना सकी। वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। लगभग एक साल बाद टेस्ट खेल रहे पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने 102 गेंद पर 52 रन की पारी खेलकर कप्तान टॉम लैथम (24) के साथ 93 रन की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला।
वेस्टइंडीज के सभी गेंदबाजों ने चटकाए विकेट
पहले दिन के खेल में वेस्टइंडीज के सभी गेंदबाजों ने अपना योगदान दिया। कप्तान चेज ने जितने भी गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, सभी को विकेट मिले। केमार रोच, ओजे शिल्ड्स और जस्टिन ग्रिव्स ने 2-2 विकेट लिए, जबकि जायडन सिल्स, जोहान लेन और रोस्टन चेज को 1-1 विकेट मिला। न्यूजीलैंड के लिए विलियमसन के अलावा, माइकल ब्रेसवेल (47) और नाथन स्मिथ (23) के बीच 52 रन की साझेदारी महत्वपूर्ण रही।
डेब्यू करने वाले ओजे शील्ड्स की कहानी
वेस्टइंडीज के लिए इस मैच में ओजे शील्ड्स ने डेब्यू किया और 2 विकेट चटकाए। शील्ड्स एक फिजिकल एजुकेशन टीचर भी हैं और उन्होंने खुलासा किया कि वह लगभग छह महीने पहले क्रिकेट से संन्यास लेने के बारे में सोच रहे थे। हेड कोच डैरेन सैमी की एक फोन कॉल ने उनकी जिंदगी बदल दी और उनके लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का दरवाजा खुल गया।
