भोपाल। राजधानी के जैन समाज की शीर्ष संस्था श्री दिगंबर जैन पंचायत समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर समाज में हलचल तेज हो गई है। चुनाव 11 जनवरी को संपन्न होंगे। इसके लिए नामांकन प्रपत्र लेने और जमा करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद जैन एमपीटी ने बताया कि आज 29 दिसंबर तक प्रत्याशियों से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
चुनाव के दिन शहर के चार जैन मंदिरों चौक, हबीबगंज, जवाहर चौक और झिरनों में मतदान होगा तथा उसी रात परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
इस बीच पंकज जैन सुपारी ने समाज के वरिष्ठजनों की उपस्थिति में अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र जमा किया। उनके प्रस्तावक प्रमोद हिमांशु और समर्थक मनोज बांगा रहे। इस अवसर पर अनेक समाजजन व निर्वाचन समिति के सदस्य उपस्थित थे।
