
नीमच। जिले के रतनगढ़ में गुंजली नदी में शुक्रवार शाम एक मगरमच्छ ने मजदूर पर हमला कर दिया। सैलाना तहसील के बजाना गांव का रहने वाला रमेश मजदूरी के लिए रतलाम से नीमच आया था। वह बोरदिया रोड पर अपने साथियों के साथ रह रहा था। काम से लौटने के बाद रमेश नदी में नहाने गया। जैसे ही वह पानी में उतरा, मगरमच्छ ने उसके पैर को अपने जबड़े में दबोच लिया। रमेश की चीख सुनकर उसके साथी मदद के लिए दौड़े। उन्होंने मगरमच्छ पर पत्थर बरसाए, जिसके बाद वह रमेश को छोडक़र गहरे पानी में चला गया।
चलेगा लंबा इलाज
हमले में रमेश का पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे पहले रतनगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक समय पर इलाज मिलने से रमेश की जान बच गई। हालांकि, पैर में गहरा जख्म है और लंबे इलाज की जरूरत होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गुंजली नदी में पहले भी मगरमच्छ देखे गए हैं। लेकिन प्रशासन ने न तो कोई चेतावनी जारी की और न ही सुरक्षा के उपाय किए। लोग नदी के इस हिस्से को प्रतिबंधित करने और मगरमच्छ को पकडऩे की मांग कर रहे हैं।
