डीटीसी को मुनाफे में लाना हमारा लक्ष्य : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) को घाटे में छोड़कर गयी थी लेकिन हम उसे मुनाफे में लाकर खड़ा करेंगे।

श्रीमती गुप्ता ने सोमवार को यहां हरिनगर में डीटीसी के बहु-स्तरीय इलेक्ट्रिक बस डिपो का शिलान्यास करने के बाद कहा कि पिछली सरकारों द्वारा घाटे में छोड़ी हुई डीटीसी को भी मुनाफे में लाकर खड़ा करेंगे और सारी समस्याओं को समाधान करेंगे। उन्होंने कहा कि एक-एक चीज को जो विकृत अवस्था में छोड़ा है उसे ठीक करना शुरू कर दिया है। दिल्ली की सेवा की जो जिम्मेदारी हमने ली है उसे हर हाल में पूरा करके रहूंगी।

उन्होंने कहा, “डीटीसी की यह इमारत केवल बस डिपो नहीं बल्कि दिल्ली के सपनों को आगे लेकर जाने की इमारत बनेगी। हम चाहते हैं कि दिल्ली में इसी प्रकार की और भी इमारतें विकसित हो। सभी बस डिपो में बेहतर व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा जल्द ही दिल्ली के लिए ईवी नीति आएगी ताकि दिल्ली की जनता को लाभ मिल सके।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई तकनीक से सुसज्जित यह सेल्फ-सस्टेनेबल इमारत अपने खर्चे स्वयं वहन करेगी जिससे सरकार पर कोई अतिरिक्त भार नहीं आएगा। इस अत्याधुनिक केंद्र में 400 से अधिक विद्युत बसों की पार्किंग और चार्जिंग की सुविधा होगी। साथ ही कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए क्लीनिंग, कार्यालय, डॉरमेट्री, कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और मॉल जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली की स्मार्ट, हरित और सुलभ परिवहन प्रणाली विकसित दिल्ली – विकसित भारत 2047 के संकल्प को नई गति और मजबूती प्रदान करेगी।

 

Next Post

चोटिल बवुमा पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर, मारक्रम करेंगे कप्तानी

Mon Sep 22 , 2025
केपटाउन 22 सितंबर (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट कप्तान टेम्बा बावुमा पिंडली में खिंचाव के कारण पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। बावुमा को यह चोट हाल ही में इंग्लैंड के सीमित ओवरों के दौरे पर लगी थी और उन्हें ठीक होने में छह से आठ […]

You May Like