आलू केंद्र के कामकाज के लिए समन्वय समिति का गठन होगा: शिवराज

नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के सिंगना में अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र (सीआईपी) के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र की स्थापना के कामकाज के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा।

श्री चौहान ने यहां कहा कि केंद्र के कामकाज के लिए एक समन्वय समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें केंद्र सरकार के कृषि सचिव एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र में जो भी किस्म तैयार की जाएगी,उस पर केंद्र सरकार का आधिपत्य होगा। उन्होंने कहा, “ सभी किस्मों पर हमारा नियंत्रण रहेगा।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में, आलू का अधिकांश उत्पादन उत्तर भारतीय राज्यों में होता है और विंध्य पर्वत श्रृंखला के दक्षिण में पैदावार बहुत कम है, इसलिए इस केंद्र के माध्यम से विभिन्न कृषि जलवायु क्षेत्रों के अनुसार उपयुक्त आलू की किस्मों के विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा। अभी देश में 34 प्रतिशत आलू की पैदावार उत्तर प्रदेश में होती है, जिसमें आगरा और आसपास के क्षेत्र प्रमुख है, इसलिए आगरा में इस केंद्र की स्थापना का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि केवल आलू ही नहीं बल्कि अन्य कंदीय फसलों जैसे शकरकंद के लिए भी केंद्र कार्य करेगा।

उन्हाेंने कहा कि आलू केंद्र में ‘जर्म प्लाज्म’ का भंडार होगा, जिसका उपयोग करके अधिक उत्पादकता वाले बीज तैयार किए जाएंगे। केंद्र में ऐसी नई किस्मों को तैयार किया जाएगा जो जलवायु अनुकूल हों और गर्मी, रोगों तथा कीटों के प्रतिरोधी क्षमता से परिपूर्ण हों। इस केंद्र के माध्यम से बायोफार्टिफाईड किस्मों के विकास पर भी बल दिया जाएगा। ऐसी किस्म बनाने पर भी जोर होगा, जिसे मुधमेह के मरीज भी खा सके।

श्री चौहान ने कहा कि गेहूं और चावल के बाद उपभोग के लिहाज से आलू का स्थान तीसरे नंबर पर आता है। चीन के बाद भारत आलू उत्पादन में तीसरे नंबर पर हैं। आलू प्रमुख फसल भी है एवं खाद्य सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद जरूरी है, लेकिन भारत में मुख्यतः आलू की भोज्य किस्म की पैदावार हाेती है जबकि निर्यात बाजार में प्रसंस्करण योग्य किस्मों की मांग होती है।

Next Post

देश को आपातकाल की याद दिलाना भाजपा का दायित्व: पात्रा

Wed Jun 25 , 2025
नयी दिल्ली 25 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस द्वारा आपातकाल को 50 साल पुरानी घटना बता कर भूल जाने की नसीहत को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने के नाते भाजपा का यह दायित्व है कि नयी पीढ़ी को […]

You May Like