छतरपुर: नौगांव में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद प्रशासन हरकत में आया है। नगर पालिका, तहसील और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छतरपुर-नौगांव रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई खासतौर पर ईसानगर चौराहे के पास की गई, जहां हाल ही में 10वीं की छात्रा दीपा अहिरवार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से अस्थायी अतिक्रमण हटाए और सड़क को खाली कराया। अधिकारियों ने बताया कि शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से स्थायी और अस्थायी दोनों प्रकार के अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़कों और बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण बना हुआ है, जिससे हादसों का खतरा बढ़ रहा है। पिछले एक महीने में दो गंभीर दुर्घटनाओं के बाद प्रशासन ने महोबा रोड, बेलाताल मार्ग, बापू डिग्री चौराहा और अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई करने की बात कही है।
