नयी दिल्ली, 17 जुलाई (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय को तोड़ने के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मोदी-योगी सरकार पर तीखा हमला किया है। श्री सिंह ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी-योगी-भाजपा का एक ही नारा है कि अनपढ़-गंवार रहेंगे बच्चे, तभी तो अंधभक्त बनेंगे बच्चे। चौथी पास राजा और उसकी पार्टी भाजपा स्कूल, कॉलेज तोड़ने वाली पार्टी है। ये गरीबों के बच्चों को अनपढ़ बनाना चाहती है ताकि वो सवाल ना कर सके। अब ये लोग जौहर विश्वविद्यालय तोड़ने जा रहे हैं, जहां हिंदू-मुस्लिम सभी वर्गों के बच्चे पढ़ते हैं। आज प्रधानमंत्री दुनिया के टॉप 100 विश्वविद्यालयों में भारत के एक भी विश्वविद्यालय का नाम नहीं बता सकते।
उन्होंने कहा कि यह बड़े अफसोस की बात है कि भाजपा इस देश को अनपढ़, जाहिल और गंवार बनाकर रखना चाहती है। अगर यह देश अनपढ़ रहेगा तो अंधभक्त की तरह भाजपा को वोट देता रहेगा और कभी सरकार से सवाल नहीं पूछेगा। उन्होंने कहा कि मोदी राज में एक लाख सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं और 91 हजार नये निजी स्कूल खुले हैं। देश में 1 लाख 20 हजार सरकारी स्कूल ऐसे हैं जिनमें सिर्फ एक शिक्षक है, 98 हजार स्कूलों में बच्चियों के लिए टॉयलेट का इंतजाम नहीं है और 1 लाख 19 हजार सरकारी स्कूलों में बिजली का इंतजाम नहीं है।
आप नेता ने कहा कि भाजपा वाले कभी जम्मू का मेडिकल कॉलेज बंद करवाकर लड्डू बांटते हैं तो कभी पेपर लीक होने पर जश्न मनाते हैं, ऐसे में इस देश का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता। अब वे उस विश्वविद्यालय को तोड़ने जा रहे हैं जहां हिंदू और मुस्लिम सभी के बच्चे पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 70-70 साल से बने घरों पर ओ-जोन और अन्य नियमों का हवाला देकर बुलडोजर चला दिया गया। भाजपा एक विध्वंसकारी पार्टी है जो इस देश को बर्बाद करके ही मानेगी।

