विदिशा। श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया है। जोशी परिवार द्वारा अपने पूर्वजों की स्मृति में आयोजित यह श्रीमद् भागवत कथा 29 दिसंबर से प्रारंभ होकर 4 जनवरी तक चलेगी। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित अंकित कृष्णा के मुखारविंद से किया जा रहा है।
कथा के शुभारंभ से पूर्व आज शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से कलश यात्रा में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। कथा के दौरान पंडित अंकित कृष्णा ने कहा कि मनुष्य अपने जीवन के कल्याण और उद्धार के लिए श्रीमद् भागवत कथा का आश्रय लेता है।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से हरि इच्छा तक कथा का आयोजन कृष्णा कॉलोनी, विदिशा में किया जा रहा है, जिसमें सभी धर्मों के लोग सहभागी बनकर अपने जीवन को धन्य बना सकते हैं।
पंडित अंकित कृष्णा ने धर्म परिवर्तन के विषय में कहा कि जैसे पिता एक होता है और उसे बदला नहीं जा सकता, वैसे ही धर्म भी एक है। भारतवर्ष में मूल धर्म सनातन है, बाकी केवल पंथ हैं। ओम प्रकाश जोशी कथा आयोजक ने कहा “इस कथा आयोजन का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को यह बताना है कि हिंदू धर्म और संस्कृत कृतियों का धार्मिक ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक महत्व भी है। हमने जीवन में सभी तीर्थ यात्राएं पूर्ण कर ली हैं। ईश्वर की कृपा से जीवन संपन्न रहा, और यह आयोजन हमारे जीवन का एक अंतिम पुण्य कार्य है।
