कुमार ने लोगों से की अपने गांव, शहर, रेलवे स्टेशन तथा देश को स्वच्छ रखने में योगदान करने की अपील

नयी दिल्ली 22 सितंबर (वार्ता) रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने लोगों से स्वच्छता के प्रति सदैव जागरूक रहने और अपने गांव, शहर, रेलवे स्टेशन तथा देश को स्वच्छ रखने में योगदान करने की अपील की है।
रेलवे बोर्ड के सांस्कृतिक दल ने रेल भवन के विचार सभागार में सोमवार को स्वच्छता जागरूकता सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने स्वच्छ आदतों के प्रति लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अपूर्व प्रतिभा और पंकज विशाल द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद सांस्कृतिक दल ने ‘स्वच्छता मिशन’ पर आधारित सामूहिक गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छ आदतों की आवश्यकता और उसके लाभों को विस्तार से दर्शाया गया।
इस मौके पर टी. पी. चावला, हर्ष सिंह, दिव्या खुराना और पंकज विशाल ने स्वच्छता पर आधारित अपनी स्वरचित कविताओं का वाचन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर श्री सतीश कुमार ने स्वच्छता के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रत्येक व्यक्ति से साल में 100 घंटे और प्रति सप्ताह दो घंटे स्वच्छता के लिए श्रमदान करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा, “ हम सबको संकल्प लेना होगा कि स्वच्छता के प्रति सदैव जागरूक रहेंगे और अपने गांव, शहर, रेलवे स्टेशन तथा देश को स्वच्छ रखने में योगदान देंगे। ”
कार्यक्रम का संयोजन रेलवे बोर्ड के संयुक्त सचिव टी. श्रीनिवास ने किया, जबकि मंच संचालन प्रीति मान ने किया। इस मौके पर श्री कुमार के अलावा सदस्य (वित्त) उषा वेणुगोपाल, सदस्य (अवसंरचना) नवीन गुलाटी, महानिदेशक (आरपीएफ) सोनाली मिश्रा, महानिदेशक (मानव संसाधन) आर. राजगोपाल, महानिदेशक (संरक्षा) हरि शंकर वर्मा तथा रेलवे बोर्ड की सचिव अरुणा नायर सहित काफी संख्या में रेलवे के कर्मचारी मौजूद थे।

Next Post

जीएसटी बचत उत्सव: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने स्टेशनरी की दुकान पर पहुंचकर लिया जायजा

Mon Sep 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक स्टेशनरी की दुकान पर पहुंचकर स्वयं यह देखा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के तहत लागू सुधारों का आम लोगों को फायदा मिल रहा है या नहीं। श्रीमती सीतारमण […]

You May Like