
प्रधानमंत्री ने विभाजन के दर्द को किया याद, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- ‘देश को खंडित करने का दंश कभी भुलाया नहीं जा सकता’।
नई दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता): आज ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ है और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने 1947 के विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले लाखों लोगों को याद किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि विभाजन का दर्द आज भी देश को व्यथित करता है। उन्होंने उन सभी को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने इस त्रासदी में अपनी जान गंवाई और विस्थापित हुए।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी विभाजन के दर्द को याद करते हुए कहा, “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस उन लाखों लोगों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने विभाजन के कारण अपनी जान गंवाई।” उन्होंने कहा कि देश को खंडित करने का यह दंश कभी भुलाया नहीं जा सकता। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस मौके पर विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी।
