इंदौर: क्राइम ब्रांच इंदौर पुलिस ने शहर में अवैध मादक पदार्थ एमडी की तस्करी में संलिप्त युवक कृष्णा राठौर चंदन नगर) को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से लगभग 13.72 ग्राम एमडी बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1,40,000 रुपए बताई जा रही है.क्राईम ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार कृष्णा राठौर नशा करने का आदी है और सस्ते दामों पर एमडी खरीदकर शहर में नशे के आदी लोगों को महंगे दामों पर बेचने की गतिविधियों में लिप्त था.
क्राइम ब्रांच टीम ने श्री चैतन्य पंचमुखी हनुमान मंदिर, एमआर-04 रोड क्षेत्र में उसे संदिग्ध गतिविधि करते हुए देखा. पूछताछ के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया. आरोपी के खिलाफ अपराध शाखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद मादक पदार्थ जांच और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया है.
