रैपिडो चालक से लूट की कोशिश, विरोध पर चाकू मारकर हत्या

नई दिल्ली, 10 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली के रोहिणी में रैपिडो चालक से लूटपाट की कोशिश में असफल रहने पर तीन युवकों ने उसकी बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला की केएन काटजू मार्ग थाना टीम ने महज़ 24 घंटे में इस सनसनीखेज़ हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों से हत्या में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल, खून से सने कपड़े और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया है।
उपायुक्त रोहिणी, राजीव रंजन ने बताया कि यह वारदात 9 सितम्बर की सुबह करीब 6:15 बजे शमशान घाट रोड, सेक्टर-26 रोहिणी पर सामने आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने देखा कि 30 वर्षीय युवक राजीव गार्डन, लोनिया देहात (ग़ाज़ियाबाद) निवासी राज्जब खान खून से लथपथ मृत पड़ा था। उसके शरीर पर छह चाकू के वार मिले। पास ही मृतक की अपाचे बाइक और एक अन्य मोटरसाइकिल नाले में दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर प्रमोद आनंद के नेतृत्व में इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार की एक विशेष टीम गठित की गई। एसीपी प्रशांत विहार, कुसुम पाल मलिक की निगरानी में टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय सूत्रों की मदद ली। जांच में सामने आया कि घटनास्थल के पास मिली मोटरसाइकिल शाहबाद डेयरी निवासी कमलेश के नाम पर पंजीकृत थी, जिसे उसका बेटा कृष (19) वारदात वाली रात लेकर गया था।
पुलिस ने कृष को हिरासत में लिया तो उसने अपने साथियों अंकित प्रसाद ठाकुर उर्फ मोगली (18) और एक नाबालिग (17) के साथ मिलकर वारदात करने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मृतक रैपिडो चालक से 570 रुपये और मोबाइल छीना था। जब मृतक ने उनका पीछा किया और उन्हें रोक लिया, तो अंकित उर्फ मोगली ने चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी भाग निकले, लेकिन मोटरसाइकिल नाले में फँस जाने से पुलिस को सुराग मिल गया।
उपायुक्त ने बताया कि तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है, जबकि उनका एक फरार साथी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Next Post

लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति राधाकृष्णन का समर्पण राष्ट्र के लिए एक अमूल्य धरोहर सिद्ध होगा : विजेंद्र

Wed Sep 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को नव निर्वाचित उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी। श्री गुप्ता ने कहा कि श्री राधाकृष्णन का सार्वजनिक जीवन का व्यापक अनुभव, सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक मूल्यों […]

You May Like