नयी दिल्ली, 10 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली विधान सभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को नव निर्वाचित उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी।
श्री गुप्ता ने कहा कि श्री राधाकृष्णन का सार्वजनिक जीवन का व्यापक अनुभव, सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनका दृढ़ समर्पण राष्ट्र के लिए एक अमूल्य धरोहर सिद्ध होगा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने श्री राधाकृष्णन को दिल्ली विधान सभा की नवीन कार्यों से अवगत कराया। इसमें दिल्ली विधान सभा में आयोजित ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस 2025 का उल्लेख किया गया, जो केंद्रीय विधान सभा के पहले भारतीय निर्वाचित अध्यक्ष श्री विठ्ठलभाई पटेल की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था । इसके साथ ही, नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के अंतर्गत दिल्ली विधानसभा को पूर्णतः डिजिटल करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
श्री गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा को एक विरासत परिसर के रूप में विकसित करने की दूरदर्शी पहल भी साझा की जिसका उद्देश्य विधान सभा की स्थापत्य एवं ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखते हुए उसमें आधुनिक सुविधाओं का समावेश करना है।

