
ग्वालियर । शुक्रवार की शाम सरेराह एक सिरफिरे ने महिला को गोलियों से भून दिया। गंभीर हालत में महिला को उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिरफिरे बदमाश ने महिला को रोका और फिर उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। महिला को गोलियां मारने के बाद सिरफिरा मौके पर ही बैठा रहा। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के पास घटी। गोलियां चलाने के बाद सिरफिरे को जब राहगीरों ने पकड़ने का प्रयास किया तो उसने राहगीरों को धमकाया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। बदमाश ने पुलिस पर भी पिस्टल तान दी। घबराकर पुलिस कर्मी पीछे हटे और फिर बदमाश को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई की और गाड़ी में डालकर थाने ले गई। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला को चार पांच गोली लगी है और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित महिला और आरोपी पति-पत्नी है और दोनों ने लव मैरिज की थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी के चलते आरोपी पति ने महिला पर प्राणघातक हमला किया है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के पास शुक्रवार की दोपहर अरविंद परिहार ने अपनी पत्नी नंदिनी परिहार की गोलियां मारकर हत्या कर दी। अरविंद ने नंदिनी को सड़क पर रोका और फिर उसके चेहरे को निशाना बनाते हुये पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिसमे चार से पांच गोलियां नंदिनी के लगी और वह लहुलूहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को जब पुलिसकर्मियों ने पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश ने पुलिस पर पिस्टल तान दी। जिसके बाद अश्रु गैस के गोले छोड़कर बदमाश को काबू में लेकर उसे थाने पहुंचाया गया। पुलिस ने बदमाश से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी जब्त कर ली है। पुलिस ने घायल नंदिनी को उपचार के लिये अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट एमपी सिंह ने बताया कि वह न्यायालय से आ रहे थे और अभी तरुण पुष्कर तक पहुंचे ही थे कि उन्हें गोलियों की आवाज सुनाई दी और जब उन्होंने पास जाकर देखा तो एक साइको टाइप का व्यक्ति सड़क पर बैठा था और उसने एक महिला पर कई बार गोलियां चलाईं। तीन गोलियां तो बदमाश ने मेरे सामने चलाई और महिला गोली लगने से लहुलूहान होकर बेसुध होकर गिर पड़ी। सड़क पर भीड़ इकटठा हो गई और राहगीरों ने जब बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो वह राहगीरों पर भी हावी हो गया और उसके हाथ में पिस्टल देखकर राहगीर भी पीछे हट गये और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बदमाश को काबू करने के लिये अश्रु गैस के गोले छोड़े तब आरोपी को पकड़ा जा सका।
थाना प्रभारी पड़ाव आलोक परिहार ने बताया कि कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के पास नंदिनी परिहार को गोली मारने वाला आरोपी अरविंद परिहार है और अरविंद ने नंदिनी परिहार से आर्य समाज मंदिर से शादी की थी और शादी के कुछ दिनों बाद से ही उनमे विवाद शुरू हो गया था। नंदिनी ने 9 सितंबर मंगलवार को अरविंद के खिलाफ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी।
आर्य समाज पद्धति से किया था प्रेम विवाह, कई बार किया था नंदिनी को मारने का प्रयास
अरविंद ने नंदिनी के साथ धोखे से आर्य समाज पद्धति से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद नंदिनी को पता चला कि अरविंद पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। जिसके बाद नंदिनी ने विरोध किया तो 16 नवंबर 2024 को अरविंद और उसकी दोस्त पूजा परिहार ने उस पर हमला किया था। जिसकी शिकायत नंदिनी ने थाने में दर्ज कराई थी और यह मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। इसके साथ ही अरविंद ने एक बार नंदिनी पर जानलेवा हमला भी किया था। नंदिनी जब सिरोल थाने के पास अपने बेटे और माता-पिता के साथ पैदल जा रही थीं, तब पीछे से तेज गति से कार से अरविंद ने उसे कुचलकर मारने का प्रयास किया था। उस दौरान नंदिनी को गंभीर चोटें आई थी। इसके बाद उसने पति अरविंद के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने अरविंद के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था।
*जनसुनवाई में भी कई बार नंदिनी ने की थी शिकायत*
अरविंद द्वारा आये दिन नंदिनी पर किये जा रहे जानलेवा हमले और उसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बदनाम करने की शिकायत नंदिनी ने जनसुनवाई में की थी। जनसुनवाई में नंदिनी ने पुलिस अधिकारियों को बताया था कि अरविंद और पूजा सोशल मीडिया पर उसके फर्जी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल कर रहे हैं। ये सामग्री उनके परिवार को भी भेजी जा रही है और अरविंद उसे धमकाता है कि अगर वह उसके पास वापिस नहीं आई तो उसे मार देगा और अरविंद उनके सहयोग करने वाले परिवारजनों को भी परेशान कर रहा है। नंदिनी ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग भी जनसुनवाई में की थी।
