बेंगलुरु, 11 जून (वार्ता) क्रिप्टो की ओर फिर से लोगों का भरोसा बढ़ रहा है क्योंकि मई 2025 में देश के प्रमुख क्रिप्टो एक्सचेंज कॉइनडीसीएक्स की स्पॉट ट्रेडिंग वॉल्यूम में 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
कॉइनडीसीएक्स द्वारा मई 2025 की जारी ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट में यह बात कही गयी है। इसमें कहा गया है कि इस वर्ष अप्रैल में उसके प्लेटफॉर्म पर 37.4 करोड़ डॉलर का लेनदेन हुआ था जो मई 2025 में बढ़कर 49.2 करोड़ डॉलर हो गया है।कॉइनडीसीएक्स के सह-संस्थापक सुमित गुप्ता ने कहा कि मई में स्पॉट ट्रेडिंग में आया 32 प्रतिशत का उछाल सिर्फ आंकड़ों की बात नहीं है, बल्कि यह निवेशकों के बढ़ते भरोसे और वैश्विक स्तर पर क्रिप्टो को मिलती स्वीकृति का संकेत है। दुनियाभर में नीतिगत स्तर पर हो रहे बदलावों और भारत में डिजिटल संपत्ति के प्रति बढ़ते रुझान के साथ यह क्रिप्टो वृद्धि के एक नए व स्थिर दौर की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि कॉइनडीसीएक्स के पास इस समय कुल 60.66 करोड़ डॉलर की संपत्ति सुरक्षित है। इनमें 44.90 करोड़ डॉलर ब्लॉकचेन पर और 15.76 करोड़ डॉलर साझेदारों के पास सुरक्षित है। यह इसके मजबूत फाइनेंशियल फाउंडेशन और यूजर्स के भरोसे को रेखांकित करता है। मई 2025 में कॉइनडीसीएक्स पर बीटीसी और ईटीएच सबसे ज्यादा ट्रेड होने वाले टोकन रहे, जिनकी ट्रेडिंग वॉल्यूम क्रमश: 2.95 करोड़ डॉलर और 2.17 करोड़ डॉलर रही। इस महीने मूडेंग एक ब्रेकआउट परफॉर्मर बनकर उभरा, जिसकी ट्रेडिंग वॉल्यूम 1.44 करोड़ डॉलर रही।

