तेहरान, (वार्ता) ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के सदस्य बेहनम सईदी ने गुरुवार को कहा कि इजरायल या अन्य देशों के हमले का जवाब देने के लिए उनके देश के पास एक विकल्प होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करना है, जो विश्व बाजारों में तेल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण है।
सईदी ने मेहर समाचार को बताया कि जहां तक ज़ायोनी शासन और उसका समर्थन करने वाले अन्य देशों द्वारा किए गए हमले का जवाब देने की बात है, तो ईरान के पास कई विकल्प हैं जिनमें एक होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करना है।
गत शनिवार को ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के एक अन्य सदस्य इस्माइल कोवसरी ने कहा कि ईरान इजरायली हमले के जवाब में होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने पर विचार कर रहा है।
होर्मुज जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है। इसके बाद जहाज अरब सागर और हिंद महासागर में प्रवेश करते हैं। जलडमरूमध्य का उत्तरी तट ईरान का है, जबकि दक्षिणी भाग ओमान और यूएई का है। यह जलडमरूमध्य दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि वैश्विक तेल का 10-20 प्रतिशत और दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत एलएनजी शिपमेंट यहीं से होते हैं।
