नवी मुंबई, (वार्ता) अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड द्वारा संचालित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आगामी विंटर शिड्यूल के लिए सड़क संपर्क का विस्तार कर रहा है ताकि यात्रियों के लिए एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो सके।
अडानी एयरपोर्ट्स ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक चलने वाले विंटर शेड्यूल से पहले नवी मुंबई एयरपोर्ट यात्रियों को बस, टैक्सी, ऑटो-रिक्शा, कार रेंटल और एयरपोर्ट शटल जैसे परिवहन के कई तरह के विकल्प दे रहा है। ये विकल्प मुंबई, नवी मुंबई, पुणे और बृहन्मुंबई क्षेत्र से उपलब्ध होंगे।
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) 07 अक्टूबर को इस हवाई अड्डे के लिए ई-शिवई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करेगा। पुणे का किराया 450 रुपये, बोरीवली का 210 रुपये और दादर ईस्ट का 170 रुपये होगा। बारह साल से कम उम्र के बच्चों और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को आधा किराया देना होगा। भारत टैक्सी 10 अक्टूबर से 40 गाड़ियों के बेड़े के साथ अपनी सेवा शुरू करेगी। प्रीपेड टैक्सी और ऑटो-रिक्शा सेवा की भी शुरुआत की जा रही है।
राज्य परिवहन निगम की पहले चरण की ई-शिवाई सेवा नवी मुंबई हवाई अड्डे को दादर, बोरीवली और पुणे से जोड़ेगी। ये सेवाएं सुबह से देर रात तक चलेंगी। दादर-नवी मुंबई हवाई अड्डा रूट सायन और अटल सेतु से होकर जाएगा, जबकि बोरीवली का रास्ता मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल 1, बांद्रा और अटल सेतु को जोड़ेगा। पुणे के रूट पर रोजाना दो सेवाएं उपलब्ध होंगी – एक सुबह और एक दोपहर में। नवंबर के मध्य तक ठाणे और नासिक को जोड़ने वाली सेवाएं भी शुरू करने की योजना है।
उबर गो और उबर प्रीमियर छोटी तथा मध्यम दूरी की यात्राओं के लिए सुविधाजनक राइड विकल्प देंगी। यात्रियों के लिए पिकअप जोन भी होंगे। उबर ऑटो छोटी दूरी की यात्रा के लिए ऑन-डिमांड अतिरिक्त विकल्प देगी।
