इंदौर:लसुडिया इलाके में पान की गुमटी की आड़ में चल रहे नशे के कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी बॉम्बे हॉस्पिटल के पास गुमटी से गांजा और ब्राउन शुगर बेचता था, जिसे वह मल्हारगंज स्थित अपने घर से लाकर सप्लाई करता था.थाना प्रभारी तारेश सोनी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बुद्ध किरण भिडे नामक व्यक्ति गुमटी की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है.
इसके बाद विजयनगर एसीपी पराग सैनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई. जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी भनक लगते ही भागकर मल्हारगंज स्थित अपने घर पहुंचा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया.
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 किलो 743 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई जा रही है. पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसकी गुमटी से 2.6 ग्राम ब्राउन शुगर भी जब्त की. गिरफ्तार आरोपी 38 वर्षीय बुद्ध किरण पिता शेषराव भिडे निवासी इंदिरा नगर, मल्हारगंज के खिलाफ लसुडिया थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है. उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया है, जहां उससे नशे के नेटवर्क और सप्लाई चैन के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है.
