कैलिफोर्निया में एरिक स्वैलवेल की जगह प्रगतिशील आयशा वहाब ने जीता विशेष चुनाव, विपक्षी को मिली भारी वित्तीय चुनौती

वाशिंगटन, 21 अगस्त (वार्ता) कैलिफोर्निया की स्टेट सेनेटर आयशा वहाब ने राज्य के 14वें संसदीय क्षेत्र के विशेष चुनाव में जीत दर्ज कर पूर्व डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि एरिक स्वैलवेल की जगह हासिल कर ली है। गौरतलब है कि स्वैलवेल ने यौन दुर्व्यवहार के आरोपों के चलते अप्रैल में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

चुनाव के 95 प्रतिशत से अधिक वोटों की गिनती पूरी होने के बाद सुश्री वहाब को विजेता घोषित कर दिया गया। सुश्री वहाब (53 प्रतिशत) ने अपनी ही पार्टी की उदारवादी प्रतिद्वंद्वी और ‘बे एरिया रैपिड ट्रांजिट’ (बीएआरटी) बोर्ड की अध्यक्ष मेलिसा हर्नांडेज़ (47 प्रतिशत) को पराजित किया।

प्रगतिशील विचार वाली सुश्री वहाब ने जून में हुए प्राथमिक चुनाव में अपनी प्रतिद्वंद्वी सुश्री हर्नांडेज पर बढ़त बनायी थी। अंतिम हफ्तों में हालांकि ‘अमेरिकन इजरायल पब्लिक अफेयर्स कमेटी’ (एआईपीएसी) से जुड़े मुख्य ‘सुपर पीएसी’ सहित कई बाहरी समूहों ने मध्यमार्गी रुख रखने वाली सुश्री हर्नांडेज के समर्थन में लाखों डॉलर खर्च किये, जिससे मुकाबला कड़ा हो गया था।

अपनी जीत के बाद सोशल मीडिया पर जारी संदेश में 39 वर्षीय सुश्री वहाब ने कहा, “यह जीत उन मतदाताओं की है, जिन्होंने यह साफ कर दिया कि हमारे संसदीय क्षेत्र को खरीदा नहीं जा सकता।”

सुश्री वहाब की यह सफलता उन प्रगतिशील नेताओं की हालिया जीतों की कड़ी है, जिन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों के भारी-भरकम चुनाव प्रचार फंड को पछाड़कर जीत हासिल की है।

उदाहरण के लिए, फ्लोरिडा की राज्य प्रतिनिधि एंजी निक्सन ने भी अपने से 16 गुना अधिक फंड जुटाने वाले प्रतिद्वंद्वी को हराकर डेमोक्रेटिक प्राथमिक चुनाव में जीत हासिल की है।

सुश्री वहाब को कैलिफोर्निया डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ-साथ ‘कॉंग्रेशनल प्रोग्रेसिव कॉकस’ के अध्यक्ष ग्रेग कासार और पूर्व अध्यक्ष प्रमिला जयपाल जैसे दिग्गज नेताओं का समर्थन प्राप्त था। दूसरी ओर, हर्नांडेज को ‘न्यू डेमोक्रेट कोएलिशन’ की प्रचार शाखा और कैलिफोर्निया प्रतिनिधिमंडल के 11 सदस्यों (जैसे जो लोफग्रेन और सैन जोस के पूर्व मेयर सैम लिकार्डो) का समर्थन हासिल था।

सुश्री वहाब अब स्वैलवेल के बचे कार्यकाल को पूरा करेंगी। नये नक्शे के तहत पुनर्गठित सीट के लिए सुश्री वहाब और सुश्री हर्नांडेज पूर्ण कार्यकाल के वास्ते आगामी नवंबर चुनाव में एक बार फिर आमने-सामने होंगी।

अफ़गान शरणार्थी माता-पिता की बेटी सुश्री वहाब का शुरुआती जीवन काफी कठिनाइयों से भरा रहा। बचपन में पिता की हत्या और मां के निधन के बाद सुश्री वहाब और उनकी बहन को पालन-पोषण देखभाल में समय बिताना पड़ा था। बाद में बे एरिया के एक अफगान दंपती ने उन्हें गोद ले लिया।

वर्ष 2018 में हेवर्ड सिटी काउंसिल का चुनाव जीतकर राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाली वहाब 2022 में कैलिफोर्निया स्टेट सेनेट के लिए चुनी गयीं।

अपनी ऐतिहासिक जीत पर सुश्री वहाब ने कहा, “पालन-पोषण देखभाल से कांग्रेस (अमेरिकी संसद) तक का यह सफर अमेरिकी सपने की सच्चाई को दर्शाता है। आज इस क्षेत्र ने इतिहास रचते हुए अमेरिकी संसद में पहली अफ़गान-अमेरिकी महिला को चुनकर भेजा है।”

 

 

Next Post

166 किलो डोडाचूरा तस्करी में आरोपी को 11 साल का सश्रम कारावास

Fri Aug 21 , 2026
नीमच। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस एक्ट) जिला नीमच जितेन्द्र कुमार बाजोलिया ने पिकअप वाहन में 166 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा की तस्करी करने वाले आरोपी शरीफ पिता मुंशी खां मंसूरी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम दूधिया, थाना एवं तहसील आलोट, जिला रतलाम को दोषी ठहराते हुए 11 वर्ष के सश्रम कारावास एवं […]

You May Like