
मॉस्को, 25 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) रूस अपनी सैन्य योजना में फिनलैंड के पास आयात या निर्माण के माध्यम से परमाणु हथियार होने की “सैद्धांतिक संभावना” को भी संज्ञान में लेगा।
फिनलैंड की सरकार ने गुरुवार को संसद में परमाणु ऊर्जा कानून और दंड संहिता में संशोधन का एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया है, जो फिनलैंड की धरती पर परमाणु हथियारों के आयात, निर्माण, भंडारण और उपयोग पर वर्तमान प्रतिबंध को समाप्त कर देगा।
हेलसिंकी स्थित रूसी दूतावास ने ‘आरआईए नोवोस्ती’ को यह जानकारी दी है। दूतावास ने कहा, “यह समझने के लिये सैन्य विशेषज्ञ होने की आवश्यकता नहीं है कि फिनलैंड की धरती पर परमाणु हथियारों के पहुंचने की सैद्धांतिक संभावना पर भी रूस अपनी सैन्य योजना के जरिये नजर रखेगा। हमें उम्मीद है कि हेलसिंकी इस बात से अवगत है।” इसमें कहा गया कि फिनलैंड के अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित संशोधन किसी भी समय देश में परमाणु हथियारों के आयात की सभी बाधाओं को दूर कर देंगे।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने इससे पहले परमाणु हथियारों के आयात की अनुमति देने की फिनलैंड की योजनाओं को “गंभीर टकराव” बताया था।
