नई दिल्ली, 30 जनवरी (वार्ता) प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) ने आज डीपी वर्ल्ड के साथ एक ऐतिहासिक बहु-वर्षीय साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के तहत, वैश्विक लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड भारत के प्रमुख प्रोफेशनल गोल्फ टूर की टाइटल पार्टनर और ऑफिशियल अंब्रेला पार्टनर बनेगी।
यह साझेदारी भारतीय प्रोफेशनल गोल्फ में अब तक के सबसे बड़े निवेशों में से एक है और टूर के विकास, पेशेवर मानकों और अंतरराष्ट्रीय जुड़ाव को नई दिशा देगी।
डीपी वर्ल्ड, जो स्मार्ट और एंड-टू-एंड लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशंस की अग्रणी कंपनी है और लंबे समय से डीपी वर्ल्ड टूर की टाइटल पार्टनर रही है, की यह भागीदारी गोल्फ के प्रति उसके दीर्घकालिक और रणनीतिक दृष्टिकोण को दर्शाती है। यह सहयोग भारत में प्रोफेशनल गोल्फ को मजबूत करने के साथ-साथ डीपी वर्ल्ड की वैश्विक खेल नेतृत्व भूमिका को भी और सुदृढ़ करता है।
इस साझेदारी के अंतर्गत, डीपी वर्ल्ड और पीजीटीआई मिलकर टूर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने, खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय खेलने के अवसर तैयार करने, और देशभर में जूनियर व ग्रासरूट गोल्फ विकास कार्यक्रमों को समर्थन देने पर काम करेंगे। इसका उद्देश्य भारत को डीपी वर्ल्ड के वैश्विक गोल्फ इकोसिस्टम में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
अमिताभ कांत, बोर्ड सदस्य, प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई), पूर्व सीईओ, नीति आयोग एवं शेरपा, जी20, ने कहा, ‘‘पीजीटीआई के साथ डीपी वर्ल्ड का एसोसिएशन भारतीय प्रोफेशनल गोल्फ को प्रोत्साहित करता है। उनका विश्वस्तरीय अनुभव, अंतर्राष्ट्रीय पहुंच तथा खेल के विकास के लिए गहरी प्रतिबद्धता – टूर को नई उंचाईयों तक पहुंचाने में मदद करेगी। यह साझेदारी न सिर्फ विश्वस्तीरय गोल्फ में भारत की मौजूदगी को सशक्त बनाएगी, बल्कि भारतीय गोल्फर्स की नई पीढ़ी को सर्वोच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित भी करेगी।”
इस अवसर पर, कपिल देव, अध्यक्ष, पीजीटीआई, ने कहा, ‘‘अम्ब्रेला पार्टनर के रूप में डीपी वर्ल्ड का स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी का अनुभव हो रहा है। डीपी वर्ल्ड का विश्वस्तरीय कद और खेल के साथ पुराना नाता, भारतीय गोल्फ को बढ़ावा देने के हमारे विजन के साथ बखूबी मेल खाता है। यह साझेदारी हमारी प्रतिस्पर्धी संरचना को सशक्त बनाएगी, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करेगी और देश में पेशेवर गोल्फ के दीर्घकालिक विकास को गति प्रदान करेगी। डीपी वर्ल्ड के साथ मिलकर हम भारतीय गोल्फ में उत्कृष्टता और विज़िबिलिटी के नए दौर में प्रवेश कर रहे हैं।”
