पटना, 18 मई (वार्ता) बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की बिगडती कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर की और कहा कि प्रदेश की सरकार अपराध नियंत्रण के मामले में पूरी तरह विफल रही है। श्री यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार बिहार अपराध के मामले में शीर्ष राज्यों में शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि विगत एक महीने में बलात्कार, हत्या, लूट और चोरी की घटनाओं में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार को जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास नही है।
श्री यादव ने कहा कि राज्य में सत्ता संरक्षित अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और व्यवसायियों, छात्रों, शिक्षकों, महिलाओं तथा आम नागरिकों को सरेआम निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार के कार्यकाल के दौरान फायरिंग आम घटना बन गई है और राहगीरों के साथ छीना झपटी तथा बैंक लूट जैसी घटनाओं ने आमजन के अंदर भय पैदा कर दिया है।
नेता प्रतिपक्ष श्री यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस अपराध नियंत्रण के बजाय शराब तस्करी में व्यस्त है और मुख्यमंत्री केवल “हेडलाइन मैनेजमेंट” में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के मुखिया श्री चौधरी को चरमराती कानून व्यवस्था की कोई चिंता नही है।
