नयी दिल्ली, 16 मार्च (वार्ता) दिल्ली के सदर बाजार में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी से दिहाड़ी मजदूरों के लिए गंभीर खाद्य संकट उत्पन्न हो गया है। सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमीत सिंह पम्मा ने सोमवार को कहा कि एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण सदर बाजार में खाद्य संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की कमी के कारण इलाके के कई ढाबे और छोटे भोजनालय बंद होने की कगार पर हैं।
श्री पम्मा ने कहा, “जहां भोजन अभी भी उपलब्ध है, वहां कीमतें काफी बढ़ गई हैं, जिससे श्रमिकों के लिए दिन में दो वक्त का भोजन करना भी मुश्किल हो गया है।” उन्होंने बताया कि सदर बाजार में अधिकांश मजदूर दिहाड़ी मजदूरी पर निर्भर हैं। काम के अवसर कम होने के कारण पहले से ही उनकी आमदनी कम हो गई है तथा खाने-पीने की बढ़ती कीमतों ने उनके लिए जीवन और भी मुश्किल बना दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि स्थिति इतनी चुनौतीपूर्ण हो गई है कि कई श्रमिकों को अपने पैतृक गांव लौटने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से एलपीजी सिलेंडरों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया ताकि ढाबे और छोटे भोजनालय सामान्य रूप से चल सकें और श्रमिकों को किफायती भोजन उपलब्ध करा सकें।

