
इस्लामाबाद, 25 अप्रैल (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार देर रात पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचे। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब क्षेत्र में कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं और अमेरिका के दूतों की पाकिस्तान पहुंचने की तैयारी चल रही है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, श्री अराघची का स्वागत उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार तथा रक्षा बल प्रमुख आसिम मुनीर ने किया।
बयान में कहा गया है कि ईरानी विदेश मंत्री अपनी यात्रा के दौरान पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर क्षेत्रीय हालात और शांति प्रयासों पर चर्चा करेंगे।यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बना हुआ है और संघर्षविराम औपचारिक रूप से जारी है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया है कि इस दौरे के दौरान अमेरिका के साथ किसी भी प्रकार की वार्ता प्रस्तावित नहीं है और ईरान अपने विचार पाकिस्तान को अवगत कराएगा। ईरानी समाचार एजेंसी तसनीम ने भी उन रिपोर्टों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया था कि श्री अराघची इस्लामाबाद में अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत करेंगे। एजेंसी ने कहा कि वर्तमान में अमेरिका के साथ किसी भी नयी वार्ता की योजना नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार, श्री अराघची इस यात्रा में पाकिस्तान को उन प्रस्तावों पर ईरान का औपचारिक जवाब भी सौंप सकते हैं, जो पहले अमेरिका की ओर से पाकिस्तान के माध्यम से भेजे गए थे।
गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका ने इस महीने की शुरुआत में इस्लामाबाद में बातचीत का पहला दौर आयोजित किया था। अमेरिका की अत्यधिक मांगों और उसकी अनुचित स्थितियों पर अड़े रहने के कारण, यह प्रक्रिया किसी समझौते तक पहुंचने से पहले ही रुक गयी। ईरान ने दोहराया है कि वह तब तक किसी वार्ता प्रक्रिया में शामिल नहीं होगा जब तक अमेरिकी नाकेबंदी समाप्त नहीं होती। साथ ही उसने यह भी कहा है कि नाकेबंदी जारी रहने तक वह होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने का उसका कोई इरादा नहीं है।
