कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद समाप्त करने की पहल करे कांग्रेस आलाकमान : मुनियप्पा

नयी दिल्ली , 29 अप्रैल (वार्ता) कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के.एच. मुनियप्पा ने बुधवार को कांग्रेस आलाकमान से राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर बनी अनिश्चितता को समाप्त करने का आग्रह किया और कहा कि पार्टी एवं सरकार दोनों के हित में नेतृत्व के मुद्दे पर स्पष्टता आवश्यक है।

श्री मुनियप्पा ने आज यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल से मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से इस मामले को जल्द से जल्द स्पष्ट करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया प्रभावी काम कर रहे हैं लेकिन नेतृत्व परिवर्तन से संबंधित कोई भी निर्णय पूरी तरह से पार्टी आलाकमान पर निर्भर करेगा। उन्होंने उम्मीद जतायी कि कांग्रेस नेतृत्व आने वाले महीनों में इस मुद्दे पर अंतिम निर्णय लेगा।

यह घटनाक्रम कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना को लेकर जारी अटकलों और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार की शीर्ष पद की आकांक्षाओं को लेकर नए सिरे से चल रही चर्चाओं के बीच आया है।

इस बीच श्री सिद्दारमैया के करीबी माने जाने वाले कर्नाटक के सामाजिक कल्याण मंत्री एच सी महादेवप्पा ने भी श्री खरगे से मुलाकात की। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मुख्यमंत्री पद में कोई बदलाव न करने का आग्रह किया और हुबली में जल्द से जल्द अहिंदा सम्मेलन आयोजित करने की अनुमति भी मांगी।

वरिष्ठ नेता सलीम अहमद, पूर्व मंत्री बसवराज रायरेड्डी और वरिष्ठ विधायक हम्पनागौड़ा बदरली सहित कई कांग्रेस नेता और मंत्री पद के इच्छुक उम्मीदवार भी सिद्दारमैया मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष पैरवी कर रहे हैं।

 

 

Next Post

करोड़ों बहाए, फिर भी हलक सूखे: जल जीवन मिशन के दावों की मैदानी हकीकत डरावनी

Wed Apr 29 , 2026
व्यावरा:बीते एक दशक में शासन ने 5 हजार करोड रूपए से अधिक की राशि बांधों के माध्यम से जलजीवन मिशन द्वारा गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए खर्च किए है. जिससे कि इन गांवों में निर्वाध जल आपूर्ति ग्रीष्मकाल में मिलती रही. जिले को सूखाग्रस्त और जलअभाव वाले जिले के […]

You May Like