
बैतूल। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान लापरवाही बरतने वाले मुलताई तहसील कार्यालय के एक बाबू पर कार्यवाही करते हुए उसका पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए है।
जनसुनवाई में ग्राम गेहूं बारसा निवासी जगदीश सूर्यवंशी ने आवेदन देकर बताया कि अगस्त माह की भारी वर्षा से उसका मकान ढह गया था, लेकिन अब तक उसे अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिल सकी।
जांच में बाबू की लापरवाही सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को वेतन काटने के निर्देश दिए और प्रभावित आवेदक को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कुल 135 आवेदन प्राप्त हुए।
