
बागेश्वर धाम। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की बद्रीनाथ के पहाड़ों में चल रही तप-साधना की सफलता और निर्विघ्न पूर्णता के लिए आज मंगलवार रात देश भर में विशेष आध्यात्मिक आयोजन किया जाएगा। रात 8:15 बजे देश के 136 जिलों के बागेश्वर धाम शिष्य मंडल एक साथ श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करेंगे।
बागेश्वर धाम के सेवादार एवं छतरपुर शिष्य मंडल के राजेंद्र अवस्थी ने बताया कि सभी जिलों के शिष्य मंडलों से आयोजन को लेकर चर्चा पूरी हो चुकी है। कार्यक्रम का उद्देश्य महाराज श्री की साधना सफल होने की कामना के साथ श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रद्धालु शाम 7:30 बजे से आयोजन स्थलों पर पहुंचेंगे। रात 8 बजे से श्रीराम नाम संकीर्तन होगा और इसके बाद 8:15 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आरंभ होगा। सभी मंडल सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव जुड़ेंगे। छतरपुर में मुख्य आयोजन फिरंगी पछाड़ मंदिर में होगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से भ्रामक सूचनाओं से बचने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
