शिवपुरी: करेरा नगर के वार्ड क्रमांक 1 में स्थित फार्म हाउस में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने तैयार गेहूं की फसल के साथ-साथ लगभग 15 बीघा में फैली बागड़ को भी जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस घटना से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार महेंद्र तिवारी, मनीष तिवारी एवं योगेंद्र तिवारी के फार्म हाउस पर गेहूं की फसल कटकर एक स्थान पर रखी हुई थी, जिसकी जल्द ही थ्रेसिंग होनी थी। इसी बीच अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि आसपास की करीब 15 बीघा बागड़ भी जलकर खाक हो गई।
घटना की सूचना जब महेंद्र तिवारी को मिली तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग को सूचित किया। हालांकि दमकल की गाड़ी को मौके पर पहुंचने में करीब 4-5 घंटे लग गए, जिससे आग पर नियंत्रण पाने में देरी हुई और तब तक अधिकांश फसल व बागड़ जलकर नष्ट हो चुकी थी।प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक रूप से मामला संदिग्ध आगजनी का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। परिवार ने घटना की निष्पक्ष जांच एवं उचित मुआवजे की मांग की है।
किसानों में बढ़ी चिंता
इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में भी भय का माहौल है। कटाई के बाद खेतों में रखी फसल और बागड़ की सुरक्षा को लेकर अब सवाल भी उठने लगे हैं।
