दो पैडलरों से 1.29 करोड़ की 129 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त

इंदौर: मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बाणगंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 129 ग्राम ब्राउन शुगर (हेरोइन) जब्त की है, जिसकी अंतरराष्टीय बाजार में कीमत करीब 1.29 करोड़ आंकी गई है. पुलिस ने इस मामले में दो पैडलरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को आरोपियों के किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है. बहरहाल, जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान एमआर-4 रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में कार्रवाई की गई. पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा से आ रहा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. घेराबंदी कर उसे मौके पर पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम शिवम सोनी उर्फ सिन्नी उम्र 23 साल निवासी महेश यादव नगर, बाणगंगा बताया. तलाशी में आरोपी के पास से 129 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जो 70 पुड़िया और प्लास्टिक पैकेटों में पैक थी. साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्टिवा और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया.

दबिश देकर सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ में शिवम ने एक अन्य ड्रग पैडलर अभिषेक सिंह तोमर उम्र 22 साल निवासी न्यू गोविंद कॉलोनी का नाम बताया, उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों से पूछताछ में बड़े ड्रग नेटवर्क के खुलासे की संभावना जताई जा रही है. पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. एसीपी रुबिना मिजवानी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं.

आरोपी शिवम सोनी पर एनडीपीएस एक्ट के 3 मामले पहले से दर्ज
आरोपी शिवम सोनी उर्फ सिन्नी उम्र 23 साल निवासी महेश यादव नगर के खिलाफ बाणगंगा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज है. वहीं आरोपी: अभिषेक सिंह तोमर उम्र 22 साल निवासी न्यू गोविंद कॉलोनी के खिलाफ बाणगंगा थाने में एनडीपीएस के अलावा तीन अन्य मामलों में अपराध दर्ज है

Next Post

आरआर को सात विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स ने अपने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया

Sat May 2 , 2026
जयपुर, (वार्ता) केएल राहुल (75), पथुम निसंका (62) और नीतीश कुमार राणा (33) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 43वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को पांच गेंद शेष रहते सात विकेट से हराकर अपनी चौथी जीत दर्ज करते हुए […]

You May Like