सतना: मैहर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब चलती ट्रेन में चढऩे का प्रयास कर रही एक महिला अचानक संतुलन खो बैठी और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगी।मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचा ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 11754 रीवा-इतवारी एक्सप्रेस के पीछे के जनरल कोच में चढ़ते समय योगिता श्रीवास पति सुरेंद्र श्रीवास 38 वर्ष निवासी गौरैया नई सब्जी मंडी थाना देहात जिला छिंदवाड़ा का पैर फिसल गया।
संतुलन बिगडऩे से वह प्लेटफॉर्म के नीचे जाने लगी। घटना को देखते ही ड्यूटी पर तैनात जीआरपी आरक्षक दिनेश कुमार पटेल और आरपीएफ आरक्षक प्रमोद मिश्रा ने बिना समय गंवाए तुरंत कार्रवाई की। दोनों जवानों ने सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
