दर्दनाक त्रासदी: मां ने चार बेटियों को कुएं में फेंका, फिर फांसी लगाकर दी जान

सागर। जिले के केसली थाना क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक महिला ने कथित रूप से अपनी चार मासूम बेटियों को घर के पास स्थित कुएं में फेंकने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सविता बाई (28) पत्नी चंद्रभान लोधी के रूप में हुई है। बच्चियों में अंशिका (7 वर्ष), रक्षा (5 वर्ष), दीक्षा (3 वर्ष) और मनीषा (5 माह) शामिल हैं। घटना के बाद गुरुवार सुबह ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही केसली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाशी अभियान शुरू किया। अब तक तीन बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि पांच माह की मासूम मनीषा की तलाश जारी है।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के समय महिला का पति मजदूरी के सिलसिले में गांव से बाहर बताया जा रहा है, जबकि घर में मौजूद परिजनों को रात में घटना की भनक तक नहीं लगी।

पुलिस का कहना है कि महिला के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Next Post

शिवपुरी में बाइक-ऑटो की टक्कर में 15 साल के किशोर की मौत, 3 घायल

Thu Mar 12 , 2026
शिवपुरी। शहर में आज गुरुवार को एक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। यह घटना एसपी कोठी के सामने हुई जहां एक बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे ऋषभ रावत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ऑटो चालक […]

You May Like

मनोरंजन