
शिवपुरी। शहर में आज गुरुवार को एक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। यह घटना एसपी कोठी के सामने हुई जहां एक बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे ऋषभ रावत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ऑटो चालक ओमप्रकाश करन सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड से दो सवारियों को लेकर पोहरी बस स्टैंड की ओर जा रहा था। उसका परिचित हक्का खान भी ऑटो में बैठा था। जैसे ही ऑटो एसपी कोठी के सामने पहुंचा, सामने से आ रही एक बाइक ने ऑटो में टक्कर मार दी। बाइक एक नाबालिग चला रहा था और उसके साथ एक अन्य युवक भी बैठा हुआ था। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार और ऑटो में बैठे लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद, ऑटो चालक ओमप्रकाश करन घायल किशोर और हक्का खान को जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने बाइक चला रहे नाबालिग ऋषभ रावत को मृत घोषित कर दिया। मृतक ऋषभ रावत पुत्र सोबरन रावत मूल रूप से गहलोनी गांव का निवासी था। वह अपनी पढ़ाई के लिए माता-पिता के साथ शहर के नवाब साहब रोड स्थित चंद्रा कॉलोनी में रह रहा था। ऋषभ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
