
ग्वालियर। ग्वालियर निवासी प्रकाश सिंह कौरव (71 वर्ष) एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती आशा देवी कौरव ने लगभग चार माह की कठिन एवं श्रद्धापूर्ण पैदल नर्मदा परिक्रमा सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली है। परिक्रमा पूर्ण करने के पश्चात कौरव दंपति आज ग्वालियर आए, जहाँ परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
प्रकाश सिंह कौरव एवं श्रीमती आशा देवी कौरव न्यू राम विहार कॉलोनी, पिंटो पार्क, ग्वालियर के निवासी हैं। उन्होंने माँ नर्मदा के प्रति गहरी आस्था और श्रद्धा के साथ यह पवित्र यात्रा पैदल पूर्ण की। माँ नर्मदा की परिक्रमा सनातन परंपरा में अत्यंत पवित्र और तपस्वी साधना मानी जाती है। यह यात्रा श्रद्धा, संयम और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। कौरव दंपति ने इस यात्रा के दौरान माँ नर्मदा के तटों का भ्रमण करते हुए समाज, प्रदेश और देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
ग्वालियर आगमन पर कौरव दंपति ने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन का अत्यंत आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक अनुभव रही। इस दौरान उन्हें अनेक संतों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों का स्नेह एवं सहयोग प्राप्त हुआ। माँ नर्मदा से उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कांग्रेस के जिला महामंत्री कुलदीप सिंह कौरव ने भी उनका आत्मीय स्वागत किया।
