इंदौर: पिपल्याराव स्थित राधा कृष्ण गार्डन में बीती रात शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी से आग लगने की घटना सामने आई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई. गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब बरात में आतिशबाजी की जा रही थी. इसी दौरान निकली चिंगारियां गार्डन में लगी झाड़ियों और टेंट पर गिर गईं, जिससे आग भड़क उठी.
आग लगते ही आग की लपटें तेजी से टेंट की ओर बढ़ीं और मौके पर मौजूद मेहमानों में हड़कंप मच गया. कुछ समय के लिए वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया. गार्डन स्टाफ और मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पा लिया. घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और बड़ा नुकसान भी टल गया.
