इंदौर: पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) में 79वें नव आरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण सत्र 2026 का शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में आईजी उपस्थित रहे. प्रशिक्षण में 1053 नव आरक्षक शामिल हुए हैं.कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में बीएनएस, बीएनएसएस, साक्ष्य अधिनियम, साइबर अपराध, अपराध अनुसंधान, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, शस्त्र संचालन, शारीरिक दक्षता, योग और व्यक्तित्व विकास जैसे विषय शामिल हैं.
प्रशिक्षण को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट क्लासरूम, सिमुलेशन और डिजिटल सिस्टम का उपयोग किया जाएगा. इस दौरान मुख्य अतिथि अनुराग ने नव आरक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य जनता का विश्वास जीतना, कानून का सम्मान बनाए रखना और सेवा भावना के साथ कार्य करना है. उन्होंने प्रशिक्षुओं को अनुशासन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण लेने की सलाह दी.
अंत में उप पुलिस अधीक्षक शैलजा पटवा ने आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में पीटीसी के अधिकारी, स्टाफ और सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे. इस मौके पर आईजी अनुरोग ने कहा कि पीटीसी में 79वें नव आरक्षक प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत हो गई है. इसमें शामिल 1053 प्रशिक्षु आधुनिक तकनीक और व्यवहारिक प्रशिक्षण लेने वाले नए आरक्षक सेवा भावना और अनुशासन से वर्दी का सम्मान बढ़ाएंगे
