
जबलपुर। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की योजना क्रमांक 64 एवं 65 तथा टीडीएस-02 में चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों का सीईओ जेडीए दीपक वैद्य ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का स्वयं परीक्षण किया, जो संतोषजनक पाई गई। सीईओ ने निर्माण कार्यों में गति लाते हुए फरवरी 2026 तक सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मास्टर प्लान में प्रस्तावित 48 मीटर चौड़ी एवं 2.50 किलोमीटर लंबी एसआर-3 सड़क लगभग पूर्णता की ओर है। सड़क के पूर्ण होने से एआरपी-4 व एसआर-3 की सीधी कनेक्टिविटी नागपुर–कटनी बायपास से हो सकेगी, जिससे 8 किलोमीटर की दूरी की बचत, ईंधन संरक्षण और यातायात सुदृढ़ीकरण को नई दिशा मिलेगी। साथ ही पाटन बायपास पर यातायात दबाव भी कम होगा। निरीक्षण के दौरान सिविल एवं विद्युतीकरण कार्यों, मौके पर स्थापित टेस्ट लैब व रिपोर्ट्स का भी गहन अवलोकन किया गया। सीईओ ने गुणवत्ता के साथ समानुपातिक प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जेडीए के स्थल यंत्री, ठेकेदार एवं अन्य अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
