
रीवा, रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है. बम्हंगावा गाँव में करवा चौथ की रात एक परिवार में उपजे आपसी विवाद के बाद एक महिला की हालत गंभीर हो गई. महिला को आनन-फानन में रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने की कोशिश में जुटी है.
जानकारी के अनुसार बम्हंगावा निवासी नीरू साकेत ने अपने पति मनोज साकेत की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए करवा चौथ का व्रत रखा था. दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद वह रात को पूजा की तैयारी कर रही थी. इसी बीच उसका पति मनोज साकेत कथित तौर पर अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक नशे की हालत में घर आए पति और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पति पर महिला के साथ मारपीट करने के आरोप भी लगे हैं. त्योहार के दिन हुए इस आपसी झगड़े और मारपीट से आहत होकर पत्नी नीरू साकेत ने एक बेहद खौफनाक और आत्मघाती कदम उठा लिया. आरोप है कि उसने घर में रखी कोई संदिग्ध वस्तु का सेवन कर लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई. महिला को तड़पता देख घर और आसपास के लोग तुरंत हरकत में आए और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. महिला का इलाज फिलहाल रीवा के संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
