
ग्वालियर, ग्रामीण परिवेश जीवन जीने की अद्भुत परंपरा है। फाइन आर्ट्स कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से ग्रामीण जीवन को जिस तरह जीवंत रूप में प्रस्तुत किया है, वह सराहनीय है। यह बात स्मार्ट सिटी सीईओ एवं नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने फाइन आर्ट्स कॉलेज में पांच दिवसीय ग्राम कला मेले का शुभारंभ करते हुए कही।
मेले में बीएफए और एमएफए के विद्यार्थियों ने ग्रामीण परिवेश पर आधारित रंगोली, प्रवेश द्वार, घर, आश्रय, कुआं और गुरुकुल सहित विभिन्न कलाकृतियां प्रदर्शित कीं। राव ने विद्यार्थियों की कला की सराहना करते हुए एक छात्रा की कलाकृति पसंद आने पर उसे भुगतान कर खरीदा और उसका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वह एक-दो दिन में अपनी पत्नी के साथ दोबारा मेले में आएंगे।
शहर की सुंदरता में सहयोग करेगा कॉलेज :
कार्यक्रम में फाइन आर्ट्स कॉलेज की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने कहा कि शहर को सुंदर बनाने के लिए स्मार्ट सिटी के प्रयासों में कॉलेज लगातार सहयोग करेगा। उन्होंने चौराहों पर खाली पड़ी दीवारों को कलात्मक रूप देने में सहयोग की बात कही। कॉलेज के प्रशासकीय प्रभारी गिर्राज शर्मा ने कहा कि संस्थान का प्रयास कला के माध्यम से शहर को सुंदर बनाना है। इससे पहले विनय अग्रवाल, गिर्राज शर्मा और ओमेंद्र वर्मा ने टी. प्रतीक राव का पुष्पहार एवं बुके से स्वागत किया तथा उन्हें हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।
ऑडिटोरियम के शेष कार्य जल्द पूरे कराने की बात :
स्मार्ट सिटी सीईओ ने कॉलेज परिसर में स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित ऑडिटोरियम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इसकी सराहना करते हुए शेष कार्यों, फर्श, कुर्सियों और पेवर ब्लॉक का काम जल्द पूरा कराने की बात कही। इस दौरान जनभागीदारी समिति अध्यक्ष ने उन्हें मांग पत्र भी सौंपा।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक केदार सिंह उन्हाड़ी, मनीष चंदेरिया, अनूप शिवहरे, तपोजानी साहा, ओमप्रकाश माहौर, अनिल बाथम, रुचिका खत्री, यशवंत जाधव, जुगलेश कुमार, मनोज माहौर, संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य भगवान दास रतोनिया, शिवपाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
