इंदौर:नवागत नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव ने पदभार संभालने के बाद पहले ही दिन सुबह 6:30 बजे सफाई व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने सबसे पहले गीता भवन मंदिर के पास मिश्र नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की संख्या, गाड़ी में लगे कचरा बिन, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण और वाहन खराब होने पर की जाने वाली व्यवस्था की जानकारी ली.
आयुक्त यादव ने गीता भवन चौराहा, पलासिया, इंडस्ट्री हाउस, एलआईजी चौराहा, विजयनगर चौराहा और रेडिसन होटल चौराहा तक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने स्टार चौराहा स्थित जीटीएस (गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन) का दौरा कर कचरे की क्षमता, वेटिंग प्रक्रिया, सुरक्षा और गाड़ियों की आवाजाही संबंधी जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि गीले कचरे में सूखा कचरा न मिले.
यादव ने सिटी बस ऑफिस स्थित आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) का भी अवलोकन किया. यहां उन्होंने वाहनों के नियंत्रण, अलर्ट सिस्टम, 311 ऐप पर आने वाली शिकायतों और उनके निराकरण की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी संदीप पटौदी, सीएसआई श्रद्धा तोमर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
