सीहोर। ईलाज के लिए बाहर बैठकर प्रतीक्षा कर रहे मरीजों की तकलीफों को देखकर विधायक सुदेश राय काफी दुखी हो गए. तत्काल विधायक श्री राय ने मरीजों के लिए अस्पताल परिसर में सर्वसुविधा युक्त वैटिंग रूप निर्माण कराने के लिए स्टीमेट बनाने के निर्देश दिए. विधायक राय के अचानक अस्पताल पहुंचने से डॉक्टर नर्स सहित अन्य कर्मचारी सकते में आ गए थे.
शुक्रवार को अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन बिल्डिंग का निरीक्षण करने विधायक सुदेश राय अचानक अस्पताल पहुंच गए. उन्होंने मेडिकल कार्य के लिए उपयोगी निर्माणाधीन बिल्डिंग को देखा और संबंधित इंजीनियर एवं अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए. जिसके बाद डॉक्टर भी अपने केबिनों से निकलकर नीचे आ गए. विधायक राय के अस्पताल पहुंचने की जानकारी लगते ही कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए. उन्होंने डॉक्टरों को मरीजों के ईलाज को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए. विधायक राय घूमते हुए अस्पताल के बाहर ओपीडी के बाहर लाईन में लगे और सीडिय़ों और पत्थरों की कुर्सियों सहित अस्पताल में जहां-तहां बैठकर विभिन्न कारणों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे मरीजों से विधायक राय ने चर्चा की उनका हालचाल जाना. इस दौरान कुछ मरीजों ने विधायक राय को अस्पताल के बाहर छाया नहीं होने, बैठने की सही जगह नहीं होने जैसी परेशानियां बताई. विधायक श्री राय ने अस्पताल प्रबंधन को शीघ्र सारी कमियां दूर करने व मरीजों को पर्याप्त सुविधा देने के स्पष्ट निर्देश दिए.
