रेखा गुप्ता ने गोवा निवास का किया उद्घाटन

नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को यहां चाणक्यपुरी स्थित नवीनीकृत गोवा निवास का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि दिल्ली वास्तव में भारत का मिनी इंडिया है, जहां देश के हर राज्य की संस्कृति, परंपराएं और त्योहार मिलकर विविधता एवं एकता की खूबसूरत तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि गोवा निवास का नया स्वरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने गोवा सरकार और भवन के नवीनीकरण से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि गोवा निवास की वास्तुकला को राज्य की पारंपरिक शैली और सांस्कृतिक आत्मा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ सुंदर कमरे और गोवा की पवित्र नदियों के नाम पर अलग-अलग मंजिलों का नामकरण किया गया है। यह पहल यहां आने वाले लोगों को गोवा की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली केवल देश की प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि विविधता, समरसता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोग अपनी संस्कृति, त्योहारों और जीवनशैली के माध्यम से राजधानी के सामाजिक ताने-बाने को समृद्ध कर रहे हैं। गोवा के भी अनेक परिवार लंबे समय से दिल्ली में रहकर इसके विकास में योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस और प्रमुख त्योहार सामूहिक रूप से मनाए जाते हैं, ताकि सभी राज्यों की सांस्कृतिक पहचान को साझा मंच मिल सके। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी कि नवीनीकृत गोवा निवास गोवा से दिल्ली आने वाले नागरिकों के लिए किफायती और बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के साथ दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को भी मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने यहां गोवा के पारंपरिक खानपान और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए गोवा की विशेषताओं पर आधारित रेस्टोरेंट शुरू करने का सुझाव दिया ताकि दिल्ली के लोग गोवा के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकें।

.....

Next Post

आईटी शेयरों में लिवाली के समर्थन से शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन भी तेजी, सेंसेक्स 308 अंक सुधरा

Fri Oct 30 , 2026
मुंबई, 30 अक्टूबर (वार्ता) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में मजबूत लिवाली और विदेशों से मिले जुले संकेतों के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को तेजी बनी रही और प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच तेल की कीमतों में […]

You May Like