इंदौर: लसूड़िया क्षेत्र की एक होटल में युवती के साथ दो युवकों के मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया. कार्यकर्ताओं ने युवती को नशीला पदार्थ देने और उसके साथ गलत हरकत करने का आरोप लगाया है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जबकि दूसरा मौके से भाग निकला.मामला स्कीम नंबर 114 पार्ट-1 स्थित होटल सिल्वर पैलेस का है. राजपूत करणी सेना के पदाधिकारी शैलेंद्र सिंह दीक्षित समर्थकों के साथ होटल पहुंचे थे. उनका कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि खजराना निवासी दो युवक युवती को बहला फुसलाकर नशीला पदार्थ दे रहे हैं. कमरे में पहुंचने पर कुछ संदिग्ध सामान मिला. कार्यकर्ताओं ने दोनों युवकों के मोबाइल फोन की जांच करने का भी दावा किया है.
उनका कहना है कि मोबाइल में अश्लील फोटो वीडियो, चैट और मादक पदार्थों से संबंधित तस्वीरें मिलीं. मौके पर युवकों से पूछताछ के दौरान पहले एक ने अपना नाम लक्की बताया, बाद में उसकी पहचान खजराना निवासी फैजान के रूप में हुई. दूसरा युवक अमन बताया है. हंगामे के दौरान अमन मौके से निकल गया, जबकि फैजान को कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया. लसूड़िया पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. पुलिस होटल के रिकॉर्ड और मोबाइल में मिले डेटा की जांच कर रही है. फरार अमन की तलाश भी की जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवती को नशीला पदार्थ देने और उसके साथ गलत हरकत किए जाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है.
