नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ से जुड़े एक मामले में एक कंपनी सहित पांच आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। सीबीआई के सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सलीशकुमार सीएस, ब्लेसिन जैकब अब्राहम, मोहम्मद जुनैद हुसैन, मोहम्मद मुश्ताक और जेसीएसएस कैपिटल इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया गया है। इनमें से तीन आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। केरल उच्च न्यायालय के निर्देशों पर सीबीआई ने 24 नवंबर, 2025 को यह मामला दर्ज किया था। एक वरिष्ठ नागरिक से साइबर अपराधियों ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों और न्यायिक अधिकारियों का रूप धारण कर फर्जी नोटिसों के जरिए डरा-धमकाकर 1.8 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी। आरोपी वीडियो कॉल के जरिए पीड़िता के संपर्क में थे।
रफ्तार किए गए लोगों में दो ऐसे व्यक्ति शामिल हैं जिन्होंने अपराध की राशि प्राप्त करने के लिए बैंक खातों का संचालन किया, साथ ही उनसे जुड़ी एक कंपनी भी शामिल है। एक आरोपी ने ऐसे खातों का जुगाड़ किया और उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया, जबकि दूसरे ने पीड़िता से संपर्क करने के लिए इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड धोखाधड़ी से जारी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

