इंदौर: प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल की पुस्तक परिक्रमा कृपा सार का विमोचन रविवार सुबह 11.30 बजे ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगा. इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत पुस्तक का लोकार्पण करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे.
मंत्री पटेल ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें नर्मदा नदी से गहरा लगाव है और यह पुस्तक उनकी दो प्रमुख नर्मदा परिक्रमा यात्राओं से प्रेरित है. पहली परिक्रमा उन्होंने 1994 से 1996 के बीच अपने गुरुदेव बाबा श्रीजी की सेवा करते हुए की, जबकि दूसरी यात्रा 2005 में सपत्नीक पूरी की. उन्हीं अनुभवों का संकलन इस पुस्तक में किया गया है. हिंदी दिवस के अवसर पर इंदौर की धरती पर विमोचन को वे मां नर्मदा की कृपा मानते हैं.
मंत्री ने कहा कि यह आयोजन जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ाएगा. उन्होंने बताया कि अब तक वे 106 नदियों के उद्गम स्थल का भ्रमण कर चुके हैं. कार्यक्रम का आयोजन नर्मदा खंड सेवा संस्थान, मगरौन जिला दमोह द्वारा किया जा रहा है, जिसमें संस्थान के पदाधिकारी भी विशेष सहयोग करेंगे.
