
छतरपुर | देर रात पुलिस की नियमित चेकिंग के दौरान भाजपा के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष पंकज पांडे की सफारी गाड़ी को नौगांव रोड पर रोककर जब्त कर लिया गया। जांच के दौरान वाहन में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद मौके पर मौजूद प्रशिक्षु आईपीएस लेखराज मीणा ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार वाहन में नियमों के विरुद्ध काली फिल्म लगी हुई थी और हूटर का उपयोग किया जा रहा था। इसके अलावा वाहन का वैध बीमा भी नहीं पाया गया, जो मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। इन कमियों को देखते हुए पुलिस ने तुरंत वाहन को जब्त कर ओरछा रोड थाने में खड़ा कराया और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक यह वाहन भाजपा जिला उपाध्यक्ष पंकज पांडे का है। इस कार्रवाई को पुलिस की निष्पक्षता और कानून के समान अनुपालन के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर किसी भी व्यक्ति को छूट नहीं दी जाएगी, चाहे उसका पद या प्रभाव कुछ भी हो।
