किशनपुर में बाघ की दस्तक से दहशत, वन विभाग अलर्ट, मुनादी कर ग्रामीणों को दी सतर्क रहने की सलाह

सीहोर/ बुधनी। बुधनी वन परिक्षेत्र के ग्राम किशनपुर में बाघ की संभावित मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. गांव के आसपास खेतों और एक फार्म हाउस के समीप बाघ दिखाई देने की सूचना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है. वन विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है और मुनादी कराकर लोगों से आवश्यक एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए हैं.

बुधनी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम किशनपुर में पिछले कुछ दिनों से बाघ की दस्तक की खबरों ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना दिया है. ग्रामीणों के अनुसार 14 और 16 जुलाई को गांव के समीप स्थित एक फार्म हाउस के आसपास बाघ को देखा गया. सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला सक्रिय हो गया.क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई.

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक बाघ की गतिविधियों से जुड़े वीडियो और सूचनाएं सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई हैं. इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने क्षेत्र में लगातार गश्त शुरू कर दी है. हालांकि अब तक बाघ के पगमार्क नहीं मिल सके हैं, जिससे उसकी सटीक लोकेशन की पुष्टि नहीं हो पाई है. लगातार बारिश होने के कारण जमीन पर बने संभावित निशान भी मिटने की आशंका बलवती है.

ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने गांव में मुनादी कराकर लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को अंधेरा होने के बाद अकेले घर से बाहर नहीं निकलने, बच्चों को अकेला नहीं छोडऩे तथा खेतों और जंगल की ओर समूह में जाने की सलाह दी गई है. इसके अलावा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं.

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीम पूरी तरह तैयार है. विभागीय कर्मचारी क्षेत्र में नियमित गश्त कर रहे हैं ताकि बाघ की वास्तविक लोकेशन का पता लगाया जा सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

गौरतलब है कि बुधनी वन क्षेत्र और इसके आसपास के इलाकों में पहले भी वन्यजीवों की आवाजाही सामने आती रही है। कुछ समय पहले सलकनपुर की सीढिय़ों के पास स्थित दुकानों के आसपास तथा डेलावाड़ी क्षेत्र में तेंदुए की मूवमेंट देखी गई थी। वहीं बुधनी के मिडघाट क्षेत्र में पुल के नीचे एक बाघ के आराम करते हुए वीडियो भी लोगों ने मोबाइल कैमरों में कैद किए थे.

क्षेत्र में लगातार रख रहे हैं नजर

बाघ के मूवमेंट की जानकारी एक सोशल मीडिया रील के माध्यम से मिली थी. इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. लगातार बारिश के कारण पगमार्क नहीं मिल पाए हैं, लेकिन क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है. इसके अलाव ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है.

रचित द्विवेदी,

वन परिक्षेत्राधिकारी

Next Post

दतिया उपचुनाव भाजपा सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह : नायक

Sun Jul 19 , 2026
दतिया। मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने आगामी दतिया विधानसभा उपचुनाव को भाजपा सरकार के कामकाज पर जनमत संग्रह बताते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट का नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास और सरकार के प्रदर्शन की परीक्षा है। […]

You May Like