उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए रिफिल बुकिंग का अलग प्रावधान नहीं: सरकार

नयी दिल्ली, 25 मार्च (वार्ता) सरकार ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए सिलेंडर रिफिल बुकिंग का कोई अलग प्रावधान नहीं किया गया है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने मीडिया में आयी उन खबरों का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि शहरी क्षेत्रों में उज्ज्वला योजना के लाभार्थी 45 दिन बाद ही अगला एलपीजी सिलेंडर बुक करा सकेंगे जबकि आम ग्राहकों के लिए यह सीमा 25 दिन की है।

मंत्रालय द्वारा जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि वर्तमान में एलपीजी रिफिल बुकिंग की सिर्फ दो समय सीमा है – शहरी क्षेत्रों में 25 दिन बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद अगली रिफिल बुक करायी जा सकेगी। इसके अलावा किसी भी लाभार्थी के लिए कोई अलग प्रावधान नहीं है।

सरकार ने लोगों से भ्रामक जानकारियों से बचने और घबराहट में आकर जल्दबाजी में बुकिंग न कराने की अपील की है।

स्पष्टीकरण में कहा गया है कि देश में “एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है” और चिंता का कोई कारण नहीं है।

उल्लेखनीय है कि फरवरी तक ग्राहक सिलेंडर 21 दिन के अंतर पर अगला रिफिल बुक करा सकते थे लेकिन पश्चिम एशिया संकट के बीच आपूर्ति में आयी बाधा को देखते हुए सरकार ने अब शहरी क्षेत्रों में रिफिल बुकिंग के लिए कम से कम 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का समयांतराल निर्धारित किया है।

 

 

Next Post

डाकपत्थर क्षेत्र में अनियंत्रित पिकअप वाहन नदी में गिरा, एक की मौत

Wed Mar 25 , 2026
देहरादून 25 मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के देहरादून जिला अंतर्गत डाकपत्थर क्षेत्र में बुधवार को एक अनियंत्रित पिकअप वाहन नदी में जा गिरा। सूचना पर पहुंची राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) टीम ने सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे बह रही नदी से कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से एक […]

You May Like