नयी दिल्ली, 20 मार्च (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल की औसत कीमत बढ़ गयी। चावल के साथ गेहूं में भी मजबूती रही जबकि चीनी की कीमतों में गिरावट देखी गयी। दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल का औसत भाव 49 रुपये बढ़कर 3,837 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। गेहूं 36 रुपये महंगा हुआ और 2,818 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत भी 31 रुपये बढ़ गयी। दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव देखा गया। तुअर दाल की औसत कीमत 37 रुपये और मसूर दाल की छह रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। मूंग दाल 41 रुपये और उड़द दाल 19 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। चना दाल के भाव कमोबेश अपरिवर्तित रहे।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज अवकाश रहा। मई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.73 प्रतिशत की तेजी के साथ 65.89 सेंट प्रति पौंड बोला गया। स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल की औसत कीमत 267 रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी। मूंगफली तेल 127 रुपये और वनस्पति 125 रुपये सस्ता हुआ। सूरजमुखी तेल में 96 रुपये की गिरावट रही। सोया तेल 160 रुपये और सरसों तेल 51 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 29 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। वहीं, चीनी 11 रुपये सस्ती हुई।

