कब्ज़ावादी पार्टी बनकर रह गई है सपा: भाजपा

लखनऊ, 19 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर सपा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच नोक झोंक बढ़ती जा रही है। अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा ने कहा है कि अखिलेश की समाजवादी पार्टी क़ब्ज़ावादी पार्टी बनकर रह गई है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने शुक्रवार को कहा, “ समाजवादी पार्टी का मुरादाबाद का कार्यालय एक लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद नियम के अनुसार ख़ाली कराया जा रहा है। लेकिन इसको लेकर जिस तरह से समाजवादी पार्टी का बयान आ रहा है उससे साबित हो रहा है कि 2017 से पहले ख़ाली प्लाट और ख़ाली दुकान पर सपा के लोग कब्ज़ा कर लिया करते थे। आज भी उनकी मानसिकता क़ब्ज़वादी पार्टी की ही है।”
श्री शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क़ानून का राज है और मुरादाबाद प्रशासन नियम के अनुसार अपना काम करेगा।
दरअसल सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी के कार्यालय के आवंटन निरस्त होने पर योगी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने अपने बयान में कहा कि सरकार आज हमारी पार्टी के कार्यालय गिरा रही है तो कल हम ढूंढ-ढूंढ कर उनके स्मारकों को तोड़ेंगे।
गौरतलब है कि यूपी के मुरादाबाद जिला प्रशासन ने शहर के सिविल लाइन में चक्कर की मिलक स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय का आवंटन निरस्त कर दिया है। कार्यालय खाली करने के लिए दो सप्ताह का नोटिस दिया है। इसके बाद प्रशासन अपना कब्जा लेगा। अब इसका उपयोग प्रशासन सार्वजनिक उपयोग के लिए करेगा। सपा जिलाध्यक्ष के जवाब दाखिल करने के बाद अब फाइनल आदेश जारी किया गया है।

Next Post

तेजस्वी की सीट पर दूसरे नेता के बैठने पर रोहिणी आचार्य की तीखी प्रतिक्रिया, सोशल मीडिया पर छिड़ी सियासत

Fri Sep 19 , 2025
पटना, 18 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की बिहार अधिकार यात्रा के दौरान विरोधी दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की रथ (यात्रा बस) की अगली सीट पर किसी अन्य नेता के बैठने को लेकर पार्टी के भीतर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इस घटना पर नेता प्रतिपक्ष […]

You May Like