दतिया: श्री पीतांबरा पीठ मंदिर एक बार फिर विवादों में है। पीठ से जुड़े कुछ साधकों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर पीठ प्रबंधन, ट्रस्ट और व्यवस्थापक पर भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और धार्मिक परंपराओं के उल्लंघन जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद पीठ की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठे हैं।कायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पीठ व्यवस्थापक महेश दुबे द्वारा कुछ लोगों को मंदिर में प्रवेश और पूजा-पाठ से रोका जा रहा है जिससे धार्मिक स्वतंत्रता प्रभावित हो रही है।
वहीं हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का भी जिक्र किया गया है जिसमें कथित रूप से भंडार गृह से सामान ले जाते कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मामले की जानकारी के बावजूद पीठ प्रबंधन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। आवेदन में कोरोना काल के दौरान प्रसाद निर्माण और विक्रय में आर्थिक अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। साथ ही दीक्षा प्रक्रिया में नियम विरुद्ध तरीके अपनाने, कथित रूप से पैसों के बदले दीक्षा देने और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को संरक्षण देने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। कलेक्टर वानखेडे ने जांच का भरोसा दिया है।
